April 20, 2024

 

इंदौर। बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर अब लापरवाही बरतने वालों पर सख्ती शुरू हो गई है। रविवार को अवकाश का दिन होने के बावजूद निगमायुक्त हर्षिका सिंह खुद सड़कों पर उतरीं और सफाई व्यवस्था जांची। न्यू पलासिया क्षेत्र में एक मकान मालिक ने सीढ़ी तोड़कर मलबा सड़क पर पटक रखा था। आयुक्त ने मौके पर ही क्षेत्र के दारोगा और सहायक दारोगा का वेतन रोकने के आदेश दिए। इसके अलावा भवन स्वामी पर चालानी कार्रवाई भी की गई। निगमायुक्त क्षेत्र की बस्तियों में भी सफाई व्यवस्था देखने पहुंची। रहवासियों ने उन्हें बताया कि पेयजल का संकट बना हुआ है। इस पर पेयजल व्यवस्था का सर्वे तीन दिन में पूरा करने का निर्देश दिया।
निगमायुक्त ने निरीक्षण की शुरुआत पलासिया क्षेत्र से की। सूखे नाले में सफाई व्यवस्था देखी। पता चला कि नाले में कचरा पड़ा है। कचरा तुरंत हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद निरीक्षण टीम जोन 10 वार्ड 43 पहुंची। इंडस्ट्री हाउस क्षेत्र और ओल्ड पलासिया क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़क किनारे मलबा पड़ा देख निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। पता चला कि यह मलबा भवन स्वामी ने सड़क पर पटका है। इस पर स्वास्थ्य निरीक्षक पर नाराजगी व्यक्त करते हुए भवन स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने और वार्ड 43 के दरोगा गोपाल पटोना और सहायक दरोगा राहुल का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद रसोमा नाला की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। यहां वर्टिकल गार्डन निर्माण को लेकर संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए गए।

बस्तियों में पेयजल समस्या के निवारण के लिए होगा सर्वे

निरीक्षण टीम जोन 18 के वार्ड 35 के अंतर्गत आने वाले निरंजनपुर क्षेत्र स्थित झाड़ू बस्ती भी पहुंची। रहवासियों से सफाई और पीने के पानी के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था ठीक है, लेकिन पीने के पानी की समस्या है। मौके पर ही कार्यपालन यंत्री (नर्मदा) संजीव श्रीवास्तव को पानी की समस्या का निवारण करने के निर्देश दिए। इसके बाद लसूड़िया मोरी, देवास नाका स्थित तालाब का निरीक्षण किया। तालाब में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए सफाई के निर्देश दिए। खाली प्लाटों पर भी गंदगी पड़ी थी। रहवासियों ने बताया कि गंदे पानी की समस्या है। अधिकारियों को गंदे पानी की समस्या हल करने और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।