April 25, 2024

इंदौर। पूर्व केंद्रीय मंत्री , देश के वरिष्ठ अभिभाषक एवं कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने न्यायपालिका एवं कार्यपालिका दोनों को कटघरे में खड़ा करते हुए इंदौर में कहा कि आज मुवक्किल आता है तो उससे पूछना पड़ता है कि तुम्हारा केस किसके सामने लगा है? ये पता लगते ही मैं उसे बता देता हूं कि क्या फैसला लिया जाएगा। उन्हाेंने केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि इस सरकार ने संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार छीन लिया है। इनकम टैक्स, ईडी के जरिये लाेगाें काे डराया जा रहा है। लगातार चुनी हुई सरकार गिराई जा रही है। ये कौन सा कानून है? मुख्यमंत्री-पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ कभी भी जांच शुरू की जा रही है।
संविधान कहां रह गया है? मीडिया हाउस बड़े उद्योगपति चला रहे हैं। सिब्बल ने कहा कि 2014 से 2022 तक ईडी ने 125 बड़े लोगों के यहां छापे मारे। उनमें से 118 विपक्षी पार्टियाें पर हैं। मैंने और विवेक तन्खा ने मिलकर एक वेबसाइट शुरू की है। यहां कोई भी अपनी शिकायत सभी जानकारी के साथ रजिस्टर्ड कर सकता है। संबधित जिले का अधिवक्ता सम्पूर्ण जानकारी जुटाकर उसकी मदद करेंगे।
सिब्बल का कहना है कि देश दो हिस्सों में बंट गया है। जिन राज्यों में कांग्रेस या अन्य दलों की सरकार है, वहां पर ईडी के लिए गेट खुले हुए हैं। जहां भाजपा के पास राज्य की सत्ता है, वहां यह गेट बंद है।