April 18, 2024

उज्जैन। कुछ दिनों से सड़क दुर्घटना में मौत होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार-गुरुवार रात पानबिहार और माकडोन क्षेत्र में हुई घटना में 2 युवको की जान चली गई। 2 घायल हुए है, जिनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इससे पहले एक महिला को भी ट्रक ने कुचल दिया था।
माकड़ोन के ग्राम परसोली में रहने वाला ट्रेक्टर चालक अनिल पिता भंवरलाल 35 वर्ष रात 2 बजे बाइक से परिचित कप्तान के साथ घर लौट रहा था। ग्राम ढाबला हर्दू मार्ग पर तेजगति से आए वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर घायल हो गये। जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां अनिल की मौत होना सामने आया। कप्तान के घायल होने पर उसे भर्ती किया गया था। दुर्घटना की खबर मिलने पर रात में ही परिजन उज्जैन पहुंच गये थे। इससे पहले पानबिहार में गंगाराम पिता रामसिंह और राहुल की बाइक को चार पहिया वाहन ने कुचल दिया था। दोनों को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने गंगाराम की मौत होने पर शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा। मृतक आगर से साथी के साथ घर लौट रहा था। गुरुवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया।