April 19, 2024

इंदौर। बुधवार सुबह शहर में बादल छाए और सुबह आठ बजे शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बादलों के कारण सुबह के समय गर्मी का असर कम रहा है। सुबह 9.30 बजे बादल छंटने के बाद धूप भी निकली लेकिन सूरज की बादलों के साथ आंख मिचौली जारी रही। बुधवार सुबह उत्तर पूर्वी हवाएं आठ किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। सुबह न्यूनतम दृश्यता पांच हजार मीटर दर्ज की गई। मंगलवार रात को छाए बादलों के कारण गर्मी व उमस का़ असर बरकरार रहा। इस वजह से न्यूनतम तापमान में भी बढोतरी देखने को मिली। बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23 डिग्री दर्ज किया गया। गौरतलब है कि मंगलवार को शहर में दिनभर बादल छाए रहे इस वजह से शहरवासियों को तेज गर्मी से राहत मिली। मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 39.6 डिग्री दर्ज किया गया था। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को दोपहर में बादल छंटने के कारण धूप खिलेगी। वहीं शाम के शहर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ इरान में सक्रिय है। उसके असर से पाकिस्तान व उससे लगे पंजाब पर एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है। वहीं दक्षिणी राजस्थान पर भी ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से अरब सागर से मिल रही नमी के कारण इंदौर में बादल छा रहे है और बूंदाबांदी हो रही है।