April 20, 2024

राजगढ़। जिला मुख्यालय पर होर्डिंग लगाने को लेकर मंगलवार को मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया। होर्डिंग लगाने सहित शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने को लेकर नपा के एक कर्मचारी ने श्याम नारोलिया के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने व एससी, एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद शाम के समय खिलचीपुर नाके पर एक नागरिक द्वारा अचानक से नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद श्री साहू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को दोपहर में शहर में कुछ फ्लैक्स लगाए जा रहे थे। कुछ लोगों पर शासकीय मशीनरी का दुरूपयोग करने को लेकर आरोप लगाए थे। थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि इस घटना के बाद नगर पालिका के कर्मचारी ने श्याम नारोलिया पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप लगाए थे। इसके बाद हमने दोपहर में उनके ऊपर एससीएसटी एक्ट व शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया था। वह मामला वहीं पर शांत हो गया था। इसके बाद शाम के समय नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू अपने कुछ साथियों के साथ खिलचीपुर नाके पर थे। आपस में वह लोग बातचीत कर रहे थे, तब ही उनके ऊपर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले के बाद नपाध्यक्ष को मौके पर मौजूदजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। उनके हाथ में चाकू के वार से चोटें आई हैं। श्री साहू ने श्याम नारोलिया पर चाकू से हमले के आरोप लगाए हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद नपाध्यक्ष के हालचाल जानने के लिए एएसपी मनकामना प्रसाद व एसडीएम जूही गर्ग, पूर्व विधायक पं. हरिचरण तिवारी जिला अस्पताल पहुंचे थे।

दोपहर में नपा कर्मचारी की शिकायत पर श्याम नारोलिया के खिलाफ हमले प्रकरण दर्ज किया था। शाम के समय नपाध्यक्ष पर चाकू से हमला हुआ है। नपाध्यक्ष ने श्याम नारोलिया पर ही हमला करने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल बयान लेने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। उसमें तय होगा कि कितने लोगों को आरोपित बनाया जाना है।

रिपोर्ट मुकेश सक्सेना