March 28, 2024

उज्जैन। मक्सीरोड पर रहने वाले वृद्ध ने मंगलवार तड़के 4 बजे फांसी लगा ली। सुबह परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मृतक के पास से सुसाइडनोट मिला है। वहीं मोबाइल जब्त करने पर स्टेटस पर एक वीडियो सामने आया। जिसे फांसी लगाने से पहले ही बनाया गया था।
पंवासा थाना प्रभारी गजेन्द्र पचोरिया ने बताया कि पंवासा स्थित शिव मंदिर के समीप रहने वाले तूफान पिता मानसिंह राजपूत 65 वर्ष का शव फांसी के फंदे पर लटका होने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। परिजनों ने बताया कि मृतक की बहू अलग रहती है। सुबह उसने कॉल किया तो तूफान ने नहीं उठाया। उसने भतीजे राहुल को देखने के लिये भेजा। राहुल ने तूफानसिंह को लटका देखा तो शोर मचाया। थाना प्रभारी के अनुसार शव फंदे से उतारने के बाद मृतक के पास एक पेज का सुसाइडनोट बरामद हुआ। वहीं मोबाइल की जांच करने पर एक वीडियो सामने आया, जिसे स्टेटस पर डाला गया था। फांसी लगाने से पहले बनाए गये वीडियो में तूफान तीन लोगों से जान का खतरा होना बता रहा है। जिसमें एक महिला शामिल है। वीडियो में जिसे महिला का नाम ले रहे हैं, वह सुसाइडनोट में उसकी पत्नी होना सामने आ रही है। मृतक ने पत्नी सीमा सिसौदिया पर ही आरोप लगाया है। मृतक के घर कुछ लोगों को आने-जाने की बात भी सुसाइटनोट में लिखी गई। मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर जांच की जाएगी। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा गया है।