March 29, 2024

इंदौर। गीता भवन अस्पताल की नर्स ने केमिकल पीकर खुदकुशी कर ली। इस मामले में स्वजन ठेकेदार मुकेश पर प्रताड़ना का शक जता रहे हैं। पलासिया पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है। एसआइ अंतरसिंह सोलंकी के मुताबिक 46 वर्षीय एकता ने बुधवार को नर्सेस क्वार्टर में केमिकल पी लिया था। उसे बेटा साहिल राजपूत ही अस्पताल ले गया था। साहिल ने बताया घटना के पहले मां ने काल लगाकर बुलाया था। उस वक्त मुकेश भी वहां मौजूद था एकता को गंभीर अवस्था में भर्ती किया था, लेकिन देर रात उसकी मृत्यु हो गई।

चार गुना मुनाफा का झांसा देकर 25 लाख ठगे
इंदौर। क्राइम ब्रांच ने गोल्डन बुल रिसर्च एडवाइजरी फर्म के संचालक भुवनेश्वर तिवारी उर्फ दीपक और प्रमिल निगम को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने चार गुना मुनाफा का झांसा देकर फरियादी धर्मपालसिंह से 25 लाख रुपए ले लिए थे। एडिशनल डीसीपी(अपराध) गुरुप्रसाद पाराशर के मुताबिक मेन चौक ग्राम चिलकनी एलनाबाद सिरसा(हरियाणा) निवासी धर्मपाल पुत्र बहादूरसिंह ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त(अपराध) राजेश हिंगणकर को शिकायत दर्ज करवाई थी। धर्मपाल ने कथनों में बताया था कि दिसंबर 2020 में आरोपितों ने अलग-अलग नंबरों से काल लगाए और कहा कि कंपनी के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश करने पर चार गुना मुनाफा तक मिल सकता है।आरोपितों ने नवलखा स्थित बैंक के ऊपर कार्यालय होना बताया था।पुलिस ने मामले में जांच की और बुधवार रात आरोपित भुवनेश्वर और प्रमिल को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया।

दुष्कर्म मामले में फरार आरोपित आरक्षक अनिरुद्ध राठौर गिरफ्तार
इंदौर। महिला पुलिस ने नीमच के जीरन थाने में पदस्थ आरक्षक अनिरुद्ध राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि इस आरक्षक की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपित खुद ही महिला थाने में पेश हो गया। मामले में शादीशुद महिला ने लिखवाई थी रिपोर्ट। टीआइ ज्योति शर्मा ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरक्षक अनिरुद्ध राठौर के खिलाफ इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र निवासी शादीशुदा महिला ने रिपोर्ट लिखवाई थी। टीआइ ज्योति शर्मा ने बताया कि आरोपित आरक्षक महिला को जम्मू-कश्मीर ले गया और शारीरिक संबंध बनाए। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध पोस्टर लगवाए और छापे मारे। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने उसे निलंबित भी कर दिया था। हाईकोर्ट से जमानत निरस्त होने के बाद गुरुवार को वह स्वयं पेश हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ड्रग स्मगलिंग केस में यश को मनावर ले गई पुलिस
इंदौर। ड्रग सप्लाई केस में गिरफ्तार आंटी उर्फ प्रीति जैन उर्फ काजल के बेटे यश को विजय नगर पुलिस मनावर ले गई है। यश मूलत: मनावर का ही रहने वाला और पूर्व मंत्री सहित भाजपा नेताओं का करीबी बनता था। पुलिस उसे गाड़ियां, ड्रग्स जब्त करना चाहती है। विजय नगर पुलिस ने यश को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस ने यश को दोस्त ऋषि के घर से संदिग्ध अवस्था में पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक करीब डेढ़ साल पूर्व पुलिस ने स्कीम-78 से प्रीति जैन को मिथाइलीनडाईआक्सी मैथेमफेटामाइन (एमडीएमए) के साथ पकड़ा था। प्रीति हाईप्रोफाइल परिवार के युवक-युवतियों को ड्रग सप्लाई करती थी। उस वक्त यश फरार हो गया। पिछले दिनों यश को दिल्ली की क्राइम ब्रांच ने पकड़ा और विजय नगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
दुष्कर्म में शामिल रहा यश जैन : यश जैन के पास होटल, पब रेस्त्रां, काफी हाऊस में ड्रग सप्लाई का काम था। एबी रोड़ स्थित एक पब में वह ड्रग की सप्लाई करता था। यहां आने वाली युवतियों को ड्रग्स पिलाता था। उनका वीडियो बनाकर उनके साथ दुष्कर्म करता था। एक युवती ने यश पर दुष्कर्म का आरोप भी लगाया था। पुलिस इस मामले में भी यश से पूछताछ कर रही है।
नाइजीरियन तस्करों से जुड़ा है यश जैन : यश जैन के संबंध इंटरनेशनल स्मगलर से जुड़ चुके थे। वह दिल्ली के महिपाल इलाके में रहने वाले नाइजीरियन तस्करों से एमडीएमए, कोकिन खरीद कर सप्लाई करने लगा था। इसमें उसका दोस्त ऋषि साथ देता था।