April 24, 2024
मुंबई। आज का दिन हर विमेन क्रिकेटर के लिए खास है। विमेंन प्रीमियर लीग (WPL) के पहले सीजन के लिए दोपहर 2:30 बजे से खिलाड़ियों की नीलामी होने जा रही है। मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होने जा रहे इस मेगा ऑक्शन में 409 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। इनमें 15 देशों की विमेंस क्रिकेटर शामिल हैं।

BCCI के मुताबिक, ऑक्शन के लिए दुनियाभर से 1,525 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, जिनमें 246 भारतीय और 163 विदेशी खिलाड़ियों को शॉर्ट लिस्ट किया गया है। ये सभी अब 90 स्लॉट के लिए होड़ में होंगी। ऑक्शन में 24 खिलाड़ियों की बेस प्राइस सबसे ज्यादा 50 लाख रुपए है। इनमें 10 भारतीय और 14 विदेशी खिलाड़ी हैं। जबकि, 30 खिलाड़ियों ने अपनी बेस प्राइस 40 लाख रखी है। इसके साथ ही भारत की अंडर-19 महिला टी-20 वर्ल्ड कप विनिंग टीम से सभी खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया है।

इन 15 देशों से हैं खिलाड़ी
भारत के अलावा फाइनल लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, बांग्लादेश, आयरलैंड और जिम्बाब्वे की खिलाड़ी शामिल हैं। इनके साथ एसोसिएट देशों से UAE, हॉन्गकॉन्ग, थाईलैंड, नीदरलैंड और USA की 8 खिलाड़ियों पर ऑक्शन में बोली लगेगी।