April 20, 2024

इंदौर। इंदौर के लसूड़िया थाना के देवास नाका क्षेत्र में शनिवार सुबह एक के बाद एक तीन गोदामों में भीषण आग लग गई। इसके कारण पूरे इलाके में धुएं के गुब्बारे नजर आ रहे थे। करीब तीन लाख लीटर पानी से आग पर काबू पाया जा सका। सुबह 10 बजे लगी आग को काबू पाने में शाम करीब 5 बज गए। इसके बाद भी फैक्ट्री से धुआं उठता रहा। आग लगने का स्पष्ट कारण तो अभी सामने नहीं आया है, लेकिन शार्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, आग प्लास्टिक, प्लायवुड और चाकलेट की फैक्ट्री में लगी थी। आग लगने की शुरुआत प्लास्टिक फैक्ट्री से हुई थी, जहां टंकियां बनाने का काम किया जाता है। इसके बाद उसने पास ही में बने प्लायवुड के गोडाउन को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसकी बाद ऊपर तक उठ रही लपटें सामने स्थित चाकलेट फैक्ट्री तक जा पहुंची। हालांकि, चाकलेट फैक्ट्री में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। फायर ब्रिगेड टीम काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकी। आग बुझाने के लिए 40 से अधिक टैंकर पानी लगा है। गनीमत रही कि जिस समय आग लगी तब फैक्ट्री के अंदर ज्यादा लोग नहीं थे। जो भी अंदर मौजूद थे, वे तुरंत बाहर आ गए और सूचना दी।