April 25, 2024

इंदौर- भोपाल में शीतलहर , उज्जैन- रतलाम सबसे ठंडे होने के करीब

भोपाल। मध्यप्रदेश में फिर से तेज ठंड का दौर आ गया है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में पारे में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है। कई जगहों पर फसल, पेड़-पौधों पर ओस जम गई। वहीं, हिल स्टेशन पचमढ़ी, नौगांव और खजुराहो में सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई है। ऐसा ही मौसम अगले कुछ दिन रह सकता है। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को भोपाल, उमरिया, जबलपुर समेत सात जिलों में कोल्ड वेव चलने और उज्जैन-रतलाम सबसे ठंडे होने की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद वहां से यहां बर्फीली हवा आ रही है। इस कारण ठंड का असर भी बढ़ा है और अगले 24 घंटे में उमरिया, जबलपुर, बालाघाट, सागर, भोपाल, राजगढ़ और रतलाम जिलों में शीतलहर चलेगी। उज्जैन और रतलाम में कोल्ड-डे रहने का अनुमान है। कोल्ड-डे की वजह से दिन-रात का तापमान आसपास ही रहता है।

इंदौर में भी दिन का तापमान कोल्ड डे के आसपास

इंदौर में फरवरी का पहला और दूसरा दिन कोल्ड डे के करीब पहुंच गया था। 6 से 20 किमी की गति से चली हवा ने दिन का पारा 23.4 डिग्री पर ला दिया था। यह सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। रात का तापमान 8.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। अगले चार से पांच दिन तापमान कम ही रहेगा।