April 19, 2024

ब्रह्मास्त्र धनबाद (झारखंड)

झारखंड में धनबाद अग्निकांड में अब तक 14 की मौत हुई है। इसमें 10 महिलाएं, 3 बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं। 35 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है। इसमें से कई गंभीर हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग मंगलवार शाम साढ़े छह बजे जोड़ा फाटक स्थित दस मंजिला आशीर्वाद ट्विन टावर के थर्ड फ्लोर के एक फ्लैट में लगी। पूजा के लिए लगाए गए दीये को बच्चे ने गिरा दिया। आग कारपेट में लगी और पूरे फ्लैट में फैल गई। सिलेंडर की वजह से आग और भड़क गई।
इसके बाद एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर तक आग फैलने लगी। चौथी मंजिल पर शादी वाले फ्लैट के लोगों ने आग देखी तो उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर गार्ड बाहर निकला। उसने सबसे पहले बिजली और लिफ्ट का कनेक्शन काट दिया। लोग चारों तरफ से आग की लपटों में घिर गए। लोग फ्लैट से बाहर निकलकर बालकनी में आ गए। मदद के लिए महिलाएं और बच्चे चीखने लगे। कुछ सीढ़ियों से उतरकर भागने लगे, लेकिन नीचे और ऊपर आग लगी होने की वजह से घिर गए। उन्हें निकलने का मौका नहीं मिला। वे वहीं पर जल गए।