April 20, 2024

सोशल मीडिया ने जो परिवर्तन किया उसने देश की मानसिकता ही बदल दी

उज्जैन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूरी तरह चुनावी मूड में आ गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लव जिहाद पर कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर लव चल सकता है। जिहाद नहीं चल सकता है। धर्मांतरण का खेल नहीं चलने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया पर पहले मैं भरोसा करता था, न ज्यादा ध्यान देता था। मीडिया मतलब इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया, लेकिन मैं मानता हूं कि आज के युग में अगर आपको विचारों का प्रसार करना है, अच्छे कामों को जनता तक ले जाना है, तो सोशल मीडिया अपरिहार्य है। सोशल मीडिया ने जो परिवर्तन किया है, उससे देश की मानसिकता ही बदल गई।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को सोशल मीडिया कॉन्क्लेव में हिस्सा लेने के लिए उज्जैन पहुंचे थे।मुख्यमंत्री चौहान ने संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक बार मध्यप्रदेश में नक्सलवादी तत्कालीन मंत्री की गर्दन काट ले गए थे। उस दौरान दिग्विजय जी मुख्यमंत्री थे। हमारी सरकार आते ही महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ कि सीमा पर नक्सलवाद को आगे नहीं बढ़ने दिया। आज इसी साल हमारी पुलिस ने 6 नक्सली मारे हैं, जिन पर एक करोड़ 14 लाख रुपए का इनाम था। उन्होंने कहा कि राष्ट्र विरोधी गतिविधि मप्र में चलने नहीं देंगे। पहले मालवा के कुओं में एके-47 मिलती थी। हमने मध्यप्रदेश से सिमी के नेटवर्क को खत्म कर दिया।
मध्यप्रदेश की भूमि पर गुंडागर्दी, दादागिरी, माफियाओं पर दो-चार दिन के अंतराल में बुलडोजर चलता रहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून बनाया है कि मासूम बिटिया की तरफ किसी ने गलत निगाह से देखा तो फांसी की सजा होगी। उन्होंने कहा कि फांसी की सजा सुनाई तो जाती है , फांसी देने में कठिनाई होती है। सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति जी तक मामला जाता है, लेकिन ऐसे मामलों में बुलडोजर दूसरे दिन ही चल जाता है।

नर्मदा मैया का आशीर्वाद बना रहे

मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि आज नर्मदा जयंती पर नर्मदा मैया से यही प्रार्थना करते हैं कि वह मध्यप्रदेश में कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करें। उनकी कृपा से हमको बिजली, सिंचाई के लिए पानी, पीने के लिए पानी मिलता है। उनकी कृपा बनी रहे।

Box
उज्जैन में बोले शिवराज- कमलनाथ से रोज सवाल पूछूंगा, पूर्व सीएम का पलटवार- आप नेट प्रैक्टिस कर रहे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि मैं कमलनाथ से उनकी सरकार को लेकर सवाल पूछूंगा कि उन्होंने जो वादे किए थे, वे क्यों पूरे नहीं किए? कांग्रेस ने फिर से झूठे वादे करना शुरू कर दिए हैं। उन्होंने पिछले चुनाव के वक्त वचन पत्र में जो वचन दिए थे, वे ही पूरे नहीं किए। मुख्यमंत्री के इस बयान पर कमलनाथ ने भी पलटवार किया है। कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि प्रदेश की जनता आपको कुर्सी से हटाकर सवाल पूछेगी। आप उसी की नेट प्रैक्टिस कर रहे हैं।