April 20, 2024

ब्रह्मास्त्र धनबाद

झारखंड में धनबाद के बैंक मोड़ के हाजरा हॉस्पिटल में भीषण आग लग जाने के कारण हुए हादसे में दो डॉक्टर्स सहित छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में डॉक्टर विकास हाजरा और उनकी पत्नी डॉक्टर प्रेमा हाजरा भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोगों की मौत आग में झुलसने और धुएं में दम घुटने से हुई है। आग लगने की सूचना पर अस्पताल पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान चले रेस्क्यू आॅपरेशन में मरीज समेत 9 लोगों को बचाया गया। शॉर्ट सर्किट से अस्पताल में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में फायर फाइटिंग के भी इंतजाम नदारद थे और सुरक्षा में भी घोर लापरवाही का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि आग लगने की यह घटना रात करीब 2 बजे के आस-पास हुई, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरातफरी मच गयी।
जानकारी के अनुसार डॉक्टर विकास हाजरा और डॉक्टर प्रेमा हाजरा का घर और हाजरा हॉस्पिटल दोनों एक ही परिसर में था। पहले घर में आग लगी, जिसके बाद यह धीरे-धीरे अस्पताल तक फैल गयी है। इस दौरान घर में मौजूद डॉक्टर दंपत्ति, उनके स्टाफ सहित 6 लोगों की मौत हो गयी। आननफानन में आग बुझाने का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि इस घटना में मरीजों को किसी तरह रेस्क्यू किया गया, जिससे उनकी जान बच सकी।