April 26, 2024

जबलपुर। मध्यप्रदेश सरकार इस साल एक लाख लोगों को नौकरी देगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को 74वें गणतंत्र दिवस पर की। सीएम ने जबलपुर में राष्ट्र ध्वज फहराया। राज्य स्तरीय समारोह भोपाल में हुआ। यहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राष्ट्र ध्वज फहराया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने रीवा जिले में राष्ट्र ध्वज फहराया। प्रदेश के 29 जिला मुख्यालयों पर मंत्री और 20 जिलों में कलेक्टर ने तिरंगा फहराया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने झंडा फहराया।
मुख्यमंत्री शिवराज ने जबलपुर में कहा, आज हम सभी भारतवासियों को यह दिन उन अमर शहीद बलिदानियों के सर्वस्व न्यौछावर करने से मिला, जिन्होंने मां भारती की स्वतंत्रता के लिए जीवन बलिदान कर दिया। हम सभी अमर शहीदों को नमन करते हैं। नर्मदा परिक्रमा पथ और नर्मदा कॉरिडोर का तीन चरणों में विकास किया जाएगा, जो अद्भुत होगा। सरकार इस साल एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी देगी।
वादा करता हूं कि मध्यप्रदेश सबसे बेहतरीन सड़कों का राज्य बनेगा।