April 25, 2024

गुरुवार को सिनेमाघरों में होगी रिलीज हिंदूवादी व प्रशासन आमने-सामने

इंदौर। देशभर में गुरुवार को सिनेमाघरों में फिल्म पठान रिलीज हो रही है। इसके पहले शो से पहले ही हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सिनेमाघरों के बाहर तैनात हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि फिल्म रिलीज की गई तो प्रदर्शन करेंगे। फिल्म रिलीज होने के पहले ही कार्यकर्ता सिनेमाघरों के अंदर भी पहुंचे और यहां से स्टाफ को भी बाहर निकाला। चेतावनी दी कि पठान मूवी न चलाएं, अन्य दूसरी मूवी चलाए जाने पर संगठन ने कोई ऐतराज नहीं जताया। इधर, पुलिस कमिश्नर ने कानून व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए सभी सिनेमाघरों में सुरक्षा इंतजाम करने की बात कही है।
पठान फिल्म ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही विवादों में है। इंदौर में गुरुवार को कई सिनेमाघरों में प्रदर्शित होना है। इसके पहले हिंदूवादियो ने विरोध प्रदर्शन की बात कही है। बजरंग दल के विभाग संयोजक तन्नू शर्मा ने कहा कि हम कस्तूर सिनेमाघर धार रोड पर 11 बजे प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही कई सिनेमाघरों में भी विरोध करने की बात सामने आ रही है।
राजेंद्र नगर स्थित एयू सिनेमा के बाहर भी शुक्रवार सुबह प्रदर्शनकारी पहुंचे।
पुलिस कमिश्नर हरीनारायण चारी मिश्र ने कहा कि उन्होंने सभी झोन के डीसीपी और अन्य अफसरों को आदेशित किया है। सभी मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में पर्याप्त बल रहेगा। वहीं किसी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। दर्शकों को भी पूरी तरह से सुरक्षा दी जाएगी।
कस्तूर सिनेमा के बाहर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता सुबह से ही मौजूद हैं। यहां फिल्म न चलाए जाने की चेतावनी दी है।
सपना-संगीता रोड स्थित पीवीआर सिनेमा के बाहर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
हिंदूवादी संगठन के नेताओं ने सिनेमाघरों के अंदर पहुंचकर स्टाफ को भी बाहर निकाल दिया। और पठान मूवी न दिखाने की चेतावनी दी।