March 28, 2024

इंदौर। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुंबई में आयोजित समारोह में देश को शक्तिशाली युद्धपोतों में से एक आईएनएस मोरमुगाओ सौंप दिया। गर्व की बात यह है कि इंदौर का बेटा शिखर मुले इस युद्धपोत में असिस्टेंट मिसाइल इंचार्ज हैं। अत्याधुनिक विनाशक प्रणाली से सुसज्जित यह युद्धपोत इस श्रेणी में निर्माण किए जाने वाले चार युद्धपोतों की श्रृंखला में दूसरा है।
शिखर के पिता विनोद मुले के अनुसार विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित कैप्टन कपिल भाटिया को इस युद्धपोत का कप्तान नियुक्त किया गया है। मेरा बेटा शिखर नौसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर है। वह युद्धपोत की निर्माण प्रक्रिया से प्रारंभ से ही सक्रिय रूप से जुड़ा है। उसे इस युद्धपोत पर बतौर सहायक प्रक्षेपास्त्र अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि शिखर ने 12वीं की परीक्षा केंद्रीय विद्यालय क्र.-1 इंदौर से उत्तीर्ण करने के बाद तकनीकी प्रवेश योजना के तहत वर्ष 2007 में भारतीय नौसेना में प्रवेश लिया था। इसके बाद आगे की पढ़ाई नौसेना में रहकर ही की है।

 

नए साल में इंदौर से मुंबई के लिए नई उड़ान

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मुंबई के लिए विस्तारा एक जनवरी से नई उड़ान शुरू करने जा रही है। कंपनी ने एजेंटों को इसकी सूचना दे दी है और बुकिंग भी शुरू कर दी है। अभी एक जनवरी से 15 जनवरी के लिए संचालन करने की बात कही गई है। ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन आफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार उड़ान संख्या यूके887 का संचालन प्रतिदिन होगा। यह उड़ान मुंबई से दोपहर 1.50 बजे रवाना होकर दोपहर 3.05 बजे इंदौर आएगी। यहां से उड़ान संख्या यूके888 दोपहर 3.45 बजे उड़ान भरकर शाम 4.55 पर मुंबई पहुंच जाएगी।