सुबह 3 मिमी हुई बारिश, अब कम होगा न्यूनतम तापमान

उज्जैन। मिजाज बदलने के बाद मौसम ने करवट बदली है। बुधवार सुबह बारिश के बाद आसमान साफ हो गया। दोपहर में धूप खिली हुई दिखाई दी। शाम को सर्द हवा महसूस होने लगी थी। अब न्यूनतम तापमान में गिरावट आना शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग ने दिसंबर के शेष दिन सर्द होने का अंदेशा जता दिया है।
2 दिनों से आसमान में बादल छाए हुए थे दिन रात का तापमान बढ़ रहा था। मंगलवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ था। दिनभर सूरज बादलों में छुपा रहा। कहीं तेज तो कहीं बूंदाबांदी से शाम को ठिठुरन महसूस होने लगी थी। बुधवार सुबह मौसम ने करवट बदली पूरे शहर में 15 मिनट तक बारिश हुई। कुछ देर बाद आसमान में छाए बादल साफ होने लगे और दोपहर में धूप खिली हुई नजर आई। मौसम विभाग ने लगातार बढ़ते दिन रात के तापमान में गिरावट आने की बात कही है। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ राजेंद्र कुमार गुप्त के अनुसार बंगाल की खाड़ी से उठे तूफान ने मौसम का मिजाज बदला था अब तूफान की रफ्तार काफी धीमी हो चुकी है। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी की सर्द हवा का रुख प्रदेश की ओर हो रहा है। जिसके चलते न्यूनतम तापमान में कमी आना शुरू हो जाएगी। दिसंबर माह के आगामी दिन सर्द होंगे, हवा की रफ्तार बढ़ने से शीतलहर का एहसास होगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया है। हवा की रफ्तार शाम ढलने के बाद 8 किलोमीटर प्रति घंटे की हो गई थी जिसके चलते ठिठुरन महसूस होने लगी थी। मंगलवार को 9.5 डिग्री की गिरावट के साथ तापमान 22 डिग्री पर आ गया था। वही मंगलवार-बुधवार रात न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहा था।

Author: Dainik Awantika