March 29, 2024

उज्जैन। अपराधों की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित महसूस कराने का उद्देश्य लेकर पुलिस शनिवार-रविवार रात कॉम्बिंग गश्त पर निकली। 10 डिग्री न्यूनतम तापमान में पुलिस ने पॉश कालोनियों से झुग्गी-झोपड़ी तक धरपकड़ अभियान चलाया। जिले भर में 286 स्थाई-गिरफ्तारी वारंट तामिल कराए गये।
पिछले कुछ दिनों में बाबा महाकाल की नगरी में एकाएक अपराधों का ग्राफ तेजी के साथ बढ़ता दिखाई दे रहा था। गुंडे-बदमाश डर-दहशत का माहौल बनाने लगे थे। कार्तिक मेले में युवक की हत्या कर दी गई। भाजपा पार्षद की हत्या का प्रयास किया गया। तिरूपति गोल्ड में 8-10 बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया और एक परिवार पर हमला किया। कानून व्यवस्था बिगड़ती देख पुलिस ने मैदान संभाल लिया। शनिवार रात 11 बजे पुलिस लाइन में अधिकारियों से लेकर आरक्षक तक एकत्रित हो गये। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में एक साथ रात 12 बजे से कॉम्बिंग गश्त शुरू की गई। पॉश कॉलोनियों से लेकर झुग्गी-झोपड़ी तक पुलिस पहुंची। स्थाई और गिरफ्तारी वारंटियों को तलाश गया और धरपकड़ की गई। सुबह 6 बजे तक जिले में 286 वारंटियों को हिरासत में लिया गया। आईजी संतोषकुमार सिंह, डीआईजी अनिल कुशवाह, एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, एएसपी आकाश भूरिया, अभिषेक आनंद के नेतृत्व में जिले के सभी सीएसपी, एसडीओपी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी कॉम्बिंग गश्त में शामिल रहे। विदित हो कि शुक्रवार रात पुलिस ने औचक मार्च पास्ट के साथ चैकिंग अभियान चलाया था, जिसमें हथियारधारी गिरफ्त में आए थे। अपराधों को रोकने और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिये पुलिस अब लगातर अभियान के रूप में मैदान संभालेगी।