April 25, 2024

ब्रह्मास्त्र एबूजा

एबूजा। नाइजीरिया के कैटसिना के फुनटुआ की मस्जिद में कुछ बंदूकधारियों ने नमाज अदा कर रहे लोगों पर हमला कर दिया है। बंदूक से लैस हमलावर एकाएक मस्जिद में घुसे और वहां मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस गोलीबारी में मस्जिद के इमाम सहित 12 लोगों की मौत हो गई है। सशस्त्र गिरोह ने मांग की है कि ग्रामीण लोगों को प्रोटेक्शन फीस का भुगतान करना होगा ताकि उन्हें खेती करने और अपनी फसल काटने की इजाजत मिल सके।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी के गृह राज्य कैटसिना के फुनटुआ के रहने वाले लॉवल हारुना ने बताया कि हमलावर बाइक से आए थे और एकाएक बंदूक के साथ मैगामजी मस्जिद में घुस गए, जहां लोग नमाज अदा कर रहे थे। बंदूकधारियों ने नमाजियों पर दनादन गोलीबारी कर दी। फायरिंग में कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कुछ लोग जान बचाकर भाग निकले। लॉवल हारुना ने बताया कि लोग रात की नमाज के लिए मस्जिद आए हुए थे। इसी दौरान हमलावरों ने मैगामजी पर धावा बोल दिया। इस घटना में 12 लोग मारे गए हैं और एक इमाम की भी जान चली गई है।