March 29, 2024

उज्जैन। रफ्तार से दौड़ती बस ने रविवार दोपहर मोपेड सवार वृद्ध को कुचल दिया। दुर्घटना के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला। वृद्ध को लोगों ने उपचार के लिये निजी अस्पताल पहुंचाया है।
सांवेर रोड मुनिनगर चौराहा पर इंदौर-उज्जैन के बीच चलने वाली शुक्ला ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 09 एफए 9819 ने अपनी रफ्तार की चपेट में मोपेड क्रमांक एमपी 13 डीजेड 0121 पर सवार वृद्ध को ले लिया। दुर्घटना के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला। गंभीर घायल हुए वृद्ध को लोगों की मदद से आटो चालक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। मामले की जानकारी लगते ही नीलगंगा पुलिस दुर्घटनास्थल पहुंची और बस को जब्त किया गया। इस बीच अस्पताल पहुंचे वृद्ध को एक परिचित ने पहचान लिया और परिजनों को सूचना दी। घायल आनंदपुरी 55 वर्ष निवासी ग्राम जवासिया का पुत्र राहुल अस्पताल पहुंचा और उसने बताया कि पिता खेती का काम करने के साथ पूजन पाठ करते है। मोपेड से सामान खरीदने के लिये बाजार आए थे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होना बताई है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किये हैं। चालक की तलाश जारी है।
गौरतलब हो कि शहर में बसों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगा हुआ है। बावजूद बस चालक शहर में बसे दौड़ते नजर आते है। इंदौर की बसों का संचालन नानाखेड़ा बस स्टेंड से होता है, लेकिन सवारी के चक्कर में चालक बसों को देवासगेट तक लाते है। पूर्व में भी दुर्घटनाएं होना सामने आ चुकी है। फ्रीगंज ब्रिज पर दिन-रात इंदौर-उज्जैन की बसों को दौड़ता देखा जा सकता है।