April 18, 2024

उज्जैन। भारत जोड़ो यात्रा की पूरी गृहस्थी 60 कंटेनर में चल रही है। सुबह की दिनचर्या से लेकर रात को सोने तक की तमाम व्यवस्था इन्हीं कंटेनरों में है। सब कुछ पहले से तय रहता है। इसलिए कहीं कोई भी गड़बड़ी होने की संभावना नहीं रहती। कितने बजे क्या होना है, यह सब भी तय है। भारत जोड़ो यात्रा के यात्री राहुल गांधी के नेतृत्व में पदयात्रा करते हैं लेकिन 60 कंटेनरों की व्यवस्था संभालने वाला स्टाफ भी उतना ही मुस्तैद रहता है।
भारत यात्रियों के साथ ही अतिथि यात्रियों को यात्रा के लिए बने नियम पालन की अनिवार्यता हैं।
भारत जोड़ो यात्रा का आगमन आज उज्जैन जिले में हो गया। अभी तक के शेड्यूल के अनुसार उज्जैन में यात्रा का पड़ाव आज मंगलवार की रात के साथ ही 30 नवंबर को पूरे दिन और रात को रहेगा। यात्रा 1 दिसंबर सुबह आगर जिले के लिए रवाना होगी। भारत जोड़ो यात्रा कुल में कुल 111 भारत यात्री शामिल है। भारत यात्री वे लोग,जो 3570 किमी की यात्रा राहुल गांधी के साथ पैदल पूरी करेंगे। इनमें 32 महिलाएं भी है। इन यात्रियों का चयन 4 कांग्रेस नेताओं की पैनल ने किया है।

नॉनवेज, शराब, स्मोकिंग प्रतिबंधित

यात्रा के दौरान खाने, बिस्तर की सुविधा सहित दूसरी चीजों को लेकर शिकायत करने की मनाही है। यात्रियों को सिर्फ शाकाहारी भोजन उपलब्ध होता है। यात्रा में शामिल लोगों को मांसाहारी भोजन, शराब और स्मोकिंग प्रतिबंधित है। 250 लोगों का स्टाफ है। पड़ाव से कुछ ही दूरी पर भोजन तैयार किया जाता है।

यह है दिनचर्या

सुबह 4 से 4:30 के बीच उठना।
सुबह 6:30 बजे नाश्ता।
सुबह 7 बजे यात्रा प्रारंभ
सुबह 10 बजे पहला ब्रेक
दोपहर 12:30 बजे भोजन
दोपहर 1 से 3 चर्चा, मुलाकात
दोपहर 3 बजे आराम

शाम 4 बजे यात्रा का दूसरा चरण

दोप. का खाना रास्ते में, रात को कैंप में दो फूड वैन यात्रा में चल रही है। एक स्थान पर भोजन के बाद वैन अगले पाइंट पर निकल जाती है। दोपहर का खाना सुबह की यात्रा के पहले ब्रेक पर रास्ते में होता है। 119 यात्रियों व स्टेट गेस्ट का भोजन उनके साथ चल रही टीम बनाती है। टीम द्वारा तैयार भोजन को सुरक्षाकर्मी पहले चखते है, इसके बाद ही राहुल और उनके साथ के यात्रियों को परोसा जाता हैं। भारत जोड़ो यात्रा में चार तरह के 60 कंटेनर है। चार कंटेनर राहुल और उनके स्टॉफ है। 4 बेड वाले कंटेनर 40 साल से अधिक उम्र वाले लोगों और महिलाओं के लिए है। 30 से 40 साल से तक के लोगों के लिए 6 बेड वाले कंटेनर है। कुछ कंटेनर में अटैच वॉशरुम भी है। हर कंटेनर में बेड, मोबाइल चार्जिंग पाइंट, विंडो एसी और लाइट लगी है। बेड के नीचे सामान रखने के लिए कैबिनेट बनी है।

हर शाम बसता है नयागांव

हर शाम दो एकड़ में नया गांव बसता है और सुबह समेट दिया जाता है। गांव को बसाने में पांच घंटे लगते हैं, वहीं उखाडऩे में लगभग ढाई घंटे।

राहुल दिनचर्या टाइम-टू-टाइम

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दिनचर्या सुबह 4.30 से लेकर रात 10 बजे तक टाइम-टू-टाइम चलती है। राहुल सुबह 4.30 बजे उठकर योगा करते हैं। सुबह 6 बजे तैयार सेवादल के सदस्यों के साथ झंडा वंदन करते हैं। सुबह ७ बजे यात्रा शुरू होती है।