April 19, 2024

दिग्विजय सिंह जमीन पर गिरे, नेताओं ने तुरंत उठाया, बाउंसरों ने कई कांग्रेसियों को कर दिया बाहर

बड़वाह/ इंदौर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को टी ब्रेक के बाद फिर शुरू हो गई । उनके साथ कमलनाथ और दिग्विजय सिंह साथ चल रहे हैं, वहीं प्रियंका गांधी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ कार में बैठकर इंदौर के लिए रवाना हो गई। इंदौर से वापस दिल्ली चली गईं। ट्री ब्रेक के दौरान अचानक धक्का मुक्की होने से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह जमीन पर गिर गए थे, जिन्हें अन्य नेताओं ने उठाया, इसके बाद वे फिर कपड़े झटककर राहुल गांधी के साथ यात्रा में चल दिए।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान चौथे दिन धक्का-मुक्की होने से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह जमीन पर गिर गए। वहीं, कई कांग्रेस नेताओं को बाउंसरों ने पकडक़र बाहर कर दिया। पुलिसवाले भी उनका साथ देते नजर आए। ऐसे में कई कांग्रेस नेताओं को ये व्यवहार ठीक भी नहीं लगा, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर ये भी जरूरी माना गया।
दरअसल खरगोन जिले में बड़वाह के वृंदावन गार्डन में टी ब्रेक होने पर राहुल गांधी गार्डन के अंदर पहुंचे, इसी दौरान कांग्रेस नेता भी उनके साथ अंदर घुसने लगे थे, ऐसे में धक्का मुक्की हो गई, बाउंसरों ने कई नेताओं को अंदर घुसने नहीं दिया, जबरदस्ती करने पर उन्हें पकडक़र बाहर का रास्ता भी दिखाया। इसी दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी जमीन पर गिर गए थे। जिन्हें तुरंत अन्य नेताओं ने उठा लिया।
आज अलसुबह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथ में तिरंगा लिए चल दिए तो उनके साथ सैंकड़ों की संख्या में साथ चल रहे कांग्रेस नेताओं का काफिला भी चल दिया, शनिवार सुबह मोरटक्का से यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें नर्मदा नदी का पुल पार कर यात्रा ने बड़वाह विधानसभा में प्रवेश कर लिया । भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तेज रफ्तार से चल रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस नेताओं सहित कार्यकर्ताओं को उनके साथ चलने के लिए दौड़ सी लगानी पड़ रही है।