March 29, 2024

इंदौर। एबी रोड स्थित छोटी खजरानी इलाके में रहने वाली 32 साल की महिला ने जयपुर के बिजनेसमैन पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा व अन्य मामलों में केस दर्ज कराया है। दोनों की शादी को महज एक साल ही हुआ था। इस दौरान पीड़िता के चरित्र को लेकर भी कई आरोप लगे। यहां तक की पीड़िता के खिलाफ धोखाधड़ी का केस भी दर्ज कराया गया। महिला ने बताया कि एक साल के अंदर ही उन्हें अपना ससुराल छोड़कर मायके आना पड़ा।

नॉनवेज नहीं खाती तो पति…

शादी के एक साल के अंदर ही ससुराल के लोगों को मेरी हर एक बात से दिक्कत होने लगी थी। मैं नॉनवेज नहीं खाती। लेकिन मेरे पति मुझ पर हमेशा नॉनवेज खाने का ही दबाव बनाते थे। कई बार तो घर पर मुझे खाने की टेबल से इसलिए उठा देते थे, क्योंकि मैं नॉनवेज नहीं खाती थी। शादी के बाद हम एक-दो बार होटल में खाना खाने गए। तब अंकित नॉनवेज ऑर्डर कर देता। मैं अपनी पंसद का खाना मंगवाने के लिए कहती तो कहता यही खाना होगा और बिना खाना खिलाए वापस ले आता।

चाची सास ने लगाए गंभीर आरोप

महिला ने बताया कि उनकी चाची सास ने उनके कैरेक्टर पर कई गंभीर आरोप लगा दिए थे। चाची सास ने चाचा ससुर को इंप्रेस करने और उन पर डोरे डालने का आरोप तक लगा डाला था। इसे लेकर पति अंकित से भी काफी विवाद हुआ। इंदौर में परिवार के लोगों को भी यह बात बताई। लेकिन किसी तरह का हल नही निकला। इसके बाद पारिवारिक मर्जी से संबंध विच्छेद करने के लिए समझौता किया। जिसमें रुपए और स्त्रीधन नही देते हुए ससुराल पक्ष के लोगो ने उल्टा धोखाधड़ी का केस दर्ज करा दिया। जयपुर में जनवरी माह में अंकित ने धोखाधड़ी का केस लगा दिया। फिलहाल मामला कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में पहले से महिला थाने में शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।