April 20, 2024

इंदौर में बोले मुख्यमंत्री- गांधी नगर और फूटी कोठी पर भी बनेगा फ्लाय ओवरब्रिज

इंदौर। विकास की राह पर दौड़ रहे इंदौर में यातायात सुगम बनाया जाएगा। जिस तरह भंवरकुआं चौराहे और खजराना चौराहे पर फ्लाय ओवर ब्रिज को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। ठीक उसी तरह गांधी नगर और फूटी कोठी पर ब्रिज बनाने की योजना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव मांगा है। अगले कुछ महीनों में वहां का भूमिपूजन भी करने आऊंगा।
यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को भंवरकुआं चौराहे पर बनने वाले ब्रिज का भूमिपजन समारोह में कही। 47 करोड़ की लागत से पुल बनाया जाएगा। 18 महीने के भीतर एजेंसी को काम पूरा करना है। उन्होंने कहा कि भोपाल और इंदौर में मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है। इस दिशा में अब इंदौर से उज्जैन के बीच मेट्रो चलाई जाएगी। ताकि लोगों को महाकाल लोक तक घूमने में आसानी होगी। वहीं उज्जैन में महाकाल लोक बनाने और ओंकारेश्वर मंदिर का कायाकल्प होने से प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र बढ़ेगा। इसका फायदा होटल और टूरिज्म इंडस्ट्री से जुड़े उद्योगों को मिलेगा।

मंच पर अव्यवस्था, भाजपाइयों की पुलिस से तीखी बहस

कार्यक्रम को लेकर काफी अव्यवस्था देखी गई। इंद्रपुरी मेनरोड पर मंच लगाया गया। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम स्थल पर जाने से पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोक दिया। थोड़ी देर तक दोनों में तीखी बहस भी हुई। बाद में नाराज कार्यकर्ता ने पुलिस के रवैए को लेकर आला अधिकारियों से शिकायत की।