April 25, 2024

ब्रह्मास्त्र वैशाली

बिहार में वैशाली जिले के सुल्तानपुर गांव में एक बेलगाम ट्रक ने एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान निकाली गई शोभायात्रा में शामिल लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में महिलाओं और सात बच्चों सहित 12 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक को समीप आता दिेख लोगों की चीख निकल गई और हड़कंप मच गया। इस घटना पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया है।
जानकारी के अनुसार वैशाली में यह हादसा रात करीब नौ बजे उस समय हुआ, जब लोग एक स्थानीय देवता भूमिया बाबा की पूजा करने के लिए सड़क के किनारे एक पीपल के पेड़ के सामने इक_ा हुए थे। स्थानीय आरजेडी विधायक मुकेश रौशन ने मौके पर पहुंचकर बताया कि 12 लोगों की मौत हो गई है। नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने बताया किशादियों से जुड़े रिवाज के तहत बारात निकाली गई थी। पास के सुल्तानपुर गांव निवासी एक शख्स के घर कुछ दिनों में शादी तय थी। बगल के महनार-हाजीपुर हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, अपनों को खोने वाले सड़क किनारे खड़े होकर बिलखते दिखे। कई अन्य लोगों ने गुस्से में नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस काफी देर से पहुंची।

प्रधानमंत्री ने भी दुख जताया
पीएम मोदी ने भी घटना पर दुख जताया। मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए मदद देने का ऐलान किया। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। उधर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस घटना पर शोक जताया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजन को 5-5 लाख रुपए मदद देने का ऐलान किया। साथ ही घायलों के इलाज के निर्देश दिए।