April 24, 2024

शहडोल में एक लाख लोगों की मौजूदगी में जनजातीय गौरव दिवस में शिरकत, 4 लाख 50 हजार वर्गफीट में लगा टेंट

शहडोल। राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद द्रौपदी मुर्मू पहली बार मप्र के दौरे पर हैं। वे आज शहडोल जिले में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहीं हैं।
कार्यक्रम को भव्यता देने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। सीएम शिवराजसिंह चौहान ने रविवार को शहडोल पहुंचकर खुद तैयारियों का जायजा लिया। इस समारोह में लगभग 1 लाख से ज्यादा लोगों की पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश के अन्य जिलों से भी लोगों को लाया जा रहा है। जिनके लिए 2500 बसों की व्यवस्था की गई है। लालपुर हवाई पट्टी में कार्यक्रम स्थल पर एक विशाल मंच बनाया गया है। 4 लाख 50 हजार स्क्वायर फीट में टेंट लगाया गया है। लोगों के लिए 8 बड़े डोम पंडाल भी बनाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल से राष्ट्रपति के भाषण अभिवादन को जनपद स्तर पर पूरे मध्यप्रदेश में लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा, जिसे सभी ग्राम पंचायत के आम नागरिक वहां उपस्थित रहकर देख सकेंगे।