April 20, 2024

भोपाल। मप्र में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के प्रवेश के दौरान मप्र कांग्रेस एक बार फिर टूटने की आशंका बताई जा रही है। कांग्रेस के 10 से 12 विधायकों के भाजपा के संपर्क में होने की खबर है। यदि ऐसा होता है तो यह बड़ा धमाका होगा। हालांकि, भाजपा इस बात को सिरे से खारिज कर रही है कि वह ऑपरेशन लोटस जैसा कोई अभियान चला रही है। भाजपा की नजर कांग्रेस के उन 19 विधायकों पर है, जिन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग कर चौंकाया था।
इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि उनके संपर्क में भी भाजपा के कई विधायक हैं, जिन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिलेगा, लेकिन हम अपने संगठन में से ही टिकट देंगे। राहुल गांधी की यात्रा के दौरान ऑपरेशन लोटस के सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जिसको भी देश के लिए कुछ करना है वह भाजपा में रहकर कर सकता है। अगर वह भाजपा के साथ आकर कुछ करना चाहते हैं तो इसमें गलत क्या है।

साफ छवि के कांग्रेसी पर ही विचार होगा – भूपेंद्र सिंह

नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कई लोग लगातार संपर्क में रहते हैं, जो साफ छवि के कांग्रेसी होंगे, उन पर विचार होगा। भाजपा अपनी ओर से ऑपरेशन लोट्स नहीं चलाती। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा हमारे विचार से जो सहमत होकर आता है, हम उसका स्वागत करते हैं। हम किसी को लाने का प्रयास नहीं करते।

कांग्रेस में ऐसा कोई गद्दार नहीं जो पीठ में छुरा घोंपे – गोविंद सिंह

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस में ऐसा कोई गद्दार नहीं है जो पीठ में छुरा घोंपे। हमारे नेता कमलनाथ इतने सक्षम है कि ऐसे लोगों को एक झटके में बाहर निकाल देते हैं। उन्हें वफादारों की जरूरत है, गद्दारों की नहीं।

इंदौर, उज्जैन, निमाड़ में भी कांग्रेसियों की नाराजगी

कांग्रेस के जिन विधायकों के भाजपा में जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है, उनमें मालवा में इंदौर और उज्जैन से तीन विधायक हैं जो पार्टी से खासे नाराज चल रहे हैं। इनमें से एक की तो भाजपा से चर्चा हुई थी कि वे तीन विधायकों के साथ भाजपा में आना चाहते थे लेकिन उनके लिए हीघ रजामंदी थी।
निमाड़ में एक विधायक पहले ही उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा कर चुके हैं, लेकिन अभी भी वे विधानसभा में विधिवत कांग्रेस के ही विधायक हैं। तीन विधायकों में राहुल गांधी निमाड़ से मालवा में आएंगे तो इसी मार्ग के तीन अन्य विधायकों के भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। महाकौशल और बुंदेलखंड से दो-दो और ग्वालियर-चंबल अंचल से एक विधायक की गतिविधियों पर कांग्रेस की नजर है।