April 25, 2024

कांग्रेस ने प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर लगाया गंभीर आरोप

भोपाल। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह की भारत जोड़ो यात्रा में कट्टा निकालने वाले कांड में नया मोड़ आ गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केके मिश्रा ने आरोप लगाया है कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह की यात्रा पर हमला करने वाला जीतू गुर्जर भाजपा का एजेंट है। उन्होंने इसे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से पहले उपद्रव करने की भाजपा की साजिश बताया है। श्री मिश्रा ने इसके लिए खास तौर पर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को जिम्मेदार ठहराया है। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता के आरोप के पहले खबर यह थी कि यात्रा में चल रहे कांग्रेसी पार्षद के बेटे से पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी युवक ने कट्टा निकाल लिया था।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के अनुसार वे भिंड से भारत जोड़ो यात्रा लेकर निकले थे। यात्रा ग्वालियर जिले के कार्यकर्ताओं के सुपुर्द की जानी थी। यात्रा में पार्षद बलवीर सिंह तोमर का बेटा भी साथ चल रहा था। एक जगह हम चाय पीने के लिए रुके थे। तभी एक युवक ने पार्षद के बेटे पर कट्टा निकालकर फायर करने की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते उस लड़के को पकड़ लिया। इस दौरान एक कार्यकर्ता को उंगली में चोट लग गई।