April 25, 2024

उज्जैन। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और देश के कुछ हिस्सों में बारिश के बाद दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सोमवार को शहर का मौसम बदल गया। आसमान में बादल छाए रहे, सूर्योदय 6 घंटे देरी से हुआ। वहीं तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आ गई।
पिछले 8 दिनों से अधिकतम-न्यूनतम तापमान में आ रही तेजी के पीछे मौसम विभाग ने 1 नवंबर से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ को वजह बताते हुए 7 नवंबर से दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर मौसम में बदलाव का अनुमान जताया था। पहले पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश शुरू हो गई थी। दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के बाद पूरे देश में मौसम बदलना शुरू हो गया है। धार्मिक नगरी उज्जैन में सोमवार को सुबह से ही बादल छाए हुए थे। 6.30 बजे उदय होने वाला सूर्य 11.30 बजे तक बादलों में छुपा हुआ था। दोपहर बाद बादल छटने पर सूर्य के दर्शन हुए। जिसके बाद गर्मी और उमस बढ़ने लगी थी। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार गुप्ता के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी की ठंडी हवा का रुख प्रदेश की ओर होता दिखाई दे रहा है वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर मावठे की बारिश के आसार नजर आने लगे हैं। एक-दो दिन में बारिश हो सकती है जिसके बाद मौसम पूरी तरह से बदला जाएगा और दिन-रात के तापमान में कमी आने लगेगी। वैसे सोमवार को भी तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। शाम ढलने के बाद गुलाबी ठंड महसूस होने लगी थी। सुबह छाए बादल के बाद 2 से 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चलने लगी थी लेकिन दोपहर बाद हवा की गति थम गई थी।