April 23, 2024

संतों संग नर्मदा पूजा के साथ उज्जैन में महाकाल जाएंगे राहुल गांधी, फिर जनसभा

इंदौर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इसी माह मप्र में दस्तक देने जा रही है। राहुल गांधी के प्रदेश में यात्रा कहां से आएगी, वे कहां-कहां रुकेंगे इसकी प्लानिंग हो चुकी है। भारत जोड़ो यात्रा मप्र के कई शहरों से गुजरेगी। इन तमाम शहरों में कैसे व्यवस्था रहेगी। लोगों के रुकने, खाने, ट्रांसपोर्ट सहित कई व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तक कांग्रेस नेताओं को सौंप दी है।

खास बात यह है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उज्जैन महाकाल की नगरी भी जाएगी। यहां राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और यहां जनसभा को संबोधित भी करेंगे।। इसके पहले राहुल गांधी साधु-संतों के साथ मप्र में प्रवेश के साथ मां नर्मदा की पूजा-अर्चना भी करेंगे। 20 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा शाम को बुरहानपुर के बोडरली गांव पहुंचेगी। यहां से 21 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा की आगाज एमपी की धरती पर होगा।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इंदौर जिले में 3 दिन रहेगी, जबकि प्रदेश में 13 दिन तक रहेगी। यह MP में 382 किमी का सफर तय करेगी और 3 दिसंबर की शाम को आगर जिले के सुसनेर विधानसभा से राजस्थान की बॉर्डर में एंट्री करेगी। MP में राहुल गांधी की यात्रा बुरहानपुर से 35 किमी दूर इच्छापुर के पास बोडरली गांव से एंट्री करेगी। एंट्री पाइंट पर 50 हजार से लेकर 1 लाख लोग (कांग्रेस जन व आम लोग) राहुल गांधी की यात्रा का स्वागत करेंगे।

26 नवंबर को यात्रा इंदौर में रहेगी। हर दिन के रुकने के पड़ाव के 2 किमी पहले नुक्कड़ सभा का आयोजन किया जाएगा।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को मप्र में एंट्री करेगी। इसके बाद उनकी यात्रा बुरहानपुर से लेकर खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन से लेकर आगर मालवा और सुसनेर होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी।