April 19, 2024

राजनीतिक हलचल बढ़ी, फिलहाल गुटबाजी में उलझी कांग्रेस को जोड़े रखने की जरूरत

भोपाल। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भले ही भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और मध्यप्रदेश आने वाले हैं, लेकिन फिलहाल तो कांग्रेस को ही जोड़े रखने की जरूरत है। दिग्विजय सिंह अब मध्यप्रदेश कांग्रेस के किसी भी पोस्टर में नजर नहीं आएंगे। उन्होंने खुद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को पत्र लिखकर ये मांग रखी। लिखा- मुझे होर्डिंग, पोस्टर से दूर रखा जाए। ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के ऑफिसियल बैनर-पोस्टर में मेरी तस्वीर न लगाई जाए। यात्रा के पोस्टर में सिर्फ सोनिया गांधी, राहुल गांधी, खड़गे और कमलनाथ की ही तस्वीरें हों। बता दें, दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश में ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के प्रभारी हैं। हालांकि, यह पता तो नहीं चल सका है कि दिग्विजय सिंह ने ऐसा क्यों किया? परंतु, कांग्रेस में गुटबाजी हमेशा हावी रही है। दिग्विजय सिंह के इस पत्र से राजनीतिक हलके में हलचल हो गई है। गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहते थे ,परंतु उन्हें अचानक मैदान से हटना पड़ा था।