April 16, 2024

इंदौर में मुख्यमंत्री ने की घोषणा, शहर के 5 स्कूलों सहित प्रदेश के 69 सीएम राइज स्कूलों के नए भवनों का भूमिपजन

इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज डेली कॉलेज में आयोजित यंग थिंकर कॉन्क्लेव में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार धार की सुप्रसिद्ध वाग्देवी प्रतिमा को वापस स्वदेश लाने के लिए गंभीरता से प्रयास करेगी। गौरतलब है कि भोजशाला से वाग्देवी की प्रतिमा अंग्रेज अपने साथ ब्रिटेन ले गए थे जहां के म्यूजियम में रखी हुई है। इस प्रतिमा को लाने की मांग वर्षो से की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कार्ल मार्क्स से लेकर अपने बचपन की घटनाओं को अपने चिरपरिचित अंदाज में प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीएम राइज योजना के तहत चयनित इंदौर के 5 स्कूलों सहित प्रदेश के कुल 69 सीएम राइज स्कूलों के नए भवनों का भूमिपूजन किया। भूमिपूजन का यह कार्यक्रम पोलो ग्राउंड स्थित शासकीय अहिल्या आश्रम कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल नंबर-1 के परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में दिखाया गया।

इसके पूर्व शुक्रवार को प्रमुख सचिव (स्कूल शिक्षा) रश्मि अरुण शमी, कमिश्नर डॉ. पवन कुमार शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह, निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इंदौर में सीएम राइज योजना के तहत 7 विधानसभा क्षेत्रों में 11 सीएम राइज स्कूलों के भवन बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा दो विधानसभा क्षेत्रों में 2 सीएम राइज स्कूलों की स्थापना की प्रक्रिया जारी है। अभी 5 सीएम राइज स्कूलों के नवीन भवनों का भूमि पूजन हो रहा है। सीएम राइज योजना के अंतर्गत चयनित स्कूलों में प्राइवेट स्कूलों की तरह सुविधाएं विकसित की जाएगी। इनमें प्रशिक्षित मानव संसाधन भी उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक स्कूलों के निर्माण में 30 से 40 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।