April 20, 2024

नक्षत्रों का राजा ‘पुष्य’ 26 घंटे 49 मिनट कल सुबह तक रहेगा

इंदौर। खरीदी का महामुहूर्त आज है। भौम-पुष्य ( मंगलवार ) में इस बार दीपावली पूर्व की खरीदी होगी। पुष्य नक्षत्र इस बार 26 घंटे 49 मिनट तक रहेगा। आज सूर्योदय से पूर्व पुष्य नक्षत्र शुरू हो गया , जो बुधवार सुबह तक रहेगा। पंडितों के अनुसार इस महामुहूर्त में सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, रियल एस्टेट, पूजन सामग्री सहित सभी तरह की खरीदी शुभ है।

पुष्य नक्षत्र मंगलवार तड़के 5.11 बजे से शुरू हो गया, जो बुधवार सुबह 8 बजे तक रहेगा। यानी पूरा दिन पुष्य नक्षत्र रहेगा।
ध्यान रहे कि दीपावली पूर्व की खरीदी पुष्य नक्षत्र में होती है। यह 27 नक्षत्रों का राजा है और क्रम में आठवें नंबर पर आता है। पुुष्य का स्वामी गुरु है जो शुभता का कारक है, जबकि नक्षत्र का स्वामी शनि है जो स्थिरता प्रदान करता है। पुष्य नक्षत्र में की गई खरीदी शुभता के साथ स्थिरता प्रदान करती है।