April 24, 2024

खरीदी में विशेष उत्साह, इस दीपावली उज्जैन सराफा में ही 30 से 40 करोड़ के व्यापार होने का अनुमान

उज्जैन। खुशियों का त्योहार दीपावली आ पहुंची है और इसके पहले खरीददारी भी जमकर हो रही है। परंतु, पुष्य नक्षत्र की बात ही कुछ और है। इस नक्षत्र में लोग विशेष तौर पर सोना- चांदी के जेवर, अन्य धातुओं के बर्तन आदि की खरीदारी करते हैं। मंगलवार को पुष्य नक्षत्र है। जाहिर है मुहूर्त के हिसाब से खरीददारी भी जमकर होगी। उज्जैन का सराफा बाजार भी सज धज कर तैयार है।

उज्जैन के सराफा व्यवसायी तथा मध्यप्रदेश सराफा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया कि बाजार का माहौल फिलहाल बहुत अच्छा है। सोना – चांदी के भाव अभी बीच में कुछ बढ़े थे, लेकिन अब वापस कम हो गए हैं। पिछले 2 सालों में कोरोना के कारण बाजार का माहौल अच्छा नहीं था। इस बार पानी भी अच्छा गिरा है और फसल भी अच्छी हुई है। इसलिए त्योहार को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्र की ग्राहकी भी बहुत अच्छी नजर आ रही है। शहर में भी उत्साह है। पुष्य नक्षत्र है। उसके बाद धनतेरस भी आ रही है। मध्य प्रदेश सरकार ने भी घोषणा कर दी है कि इस बार सरकारी कर्मचारियों को वेतन 20 अक्टूबर को ही दे दिया जाएगा। इसलिए सरकारी कर्मचारियों में भी उत्साह है। बाजार में अभी से एडवांस बुकिंग होना शुरू हो गई है। सोना चांदी आदि सभी की अच्छी ग्राहकी है। सोना फिलहाल 22 कैरेट का 46500 रुपये तोला चल रहा है। चांदी के जेवर का भाव 55000 है। युवाओं में लाइट ज्वेलरी ज्यादा पसंद की जाती है। पुराने लोग और ग्रामीण क्षेत्रों में हैवी वेट ज्वेलरी ज्यादा पसंद की जाती है। आगे शादियों का सीजन भी आ रहा है। लोग यह मानते हैं कि शुभ मुहूर्त में खरीदी करने से बरकत रहती है, इसलिए शादी विवाह के लिए भी लोग अभी से खरीदी कर रहे हैं। दीपावली पर ही उज्जैन सराफा में 30 से 40 करोड़ का व्यापार होने का अनुमान है।