March 28, 2024

ब्रह्मास्त्र मुंबई

मुंबई के बांद्रा वर्ली सी लिंक पर आज बुधवार को तड़के एक के बाद एक पांच गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस हादसे में अभी तक 5 लोगों की मौत होने की सूचना है। वहीं लगभग 6 घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी लोग बांद्रा से वर्ली की तरफ जा रहे थे। जानकारी के अनुसार सी लिंग पर पहले दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के लिए पहुंची एंबुलेंस से बाद में तीन और गाड़ियां टकरा गईं। फिलहाल बांद्रा से वर्ली की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि यह हादसा इतना भयानक था कि पांचों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।