March 29, 2024

उज्जैन। नारी ही शक्ति और नारी ही समृद्धि है, आशय के साथ पुलिस चेतना अभियान चला रही है। रविवार को क्षिप्रा नदी किनारे जन चेतना को बढ़ावा देने के लिये महाकाल पुलिस द्वारा संगठित अपराधों को रोकने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस मुख्यालय के आदेश पर 26 सितंबर से 4 अक्टूबर तक उज्जैन पुलिस द्वारा चेतना अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के सातवें दिन रविवार को महाकाल थाना एसआई सोना कुंवर ने प्रधान आरक्षक दिनेश राव, आरक्षक गोपाल सोलंकी की टीम ने क्षिप्रा नदी किनारे मां क्षिप्रा तैराक दल के सचिव संतोष सोलंकी और सदस्यों के साथ मिलकर बालक-बालिकाओं को महिला उर्जा हेल्प डेस्क की जानकारी देते हुए पुलिस हेल्पलाइन नम्बर के पोस्टर वितरीत कर चस्पा किये। इस दौरान एसआई सोना कुंवर ने बालक-बालिकाओं के साथ आमजन को शपथ दिलाई कि महिलाओं-बच्चों को डरा-धमकाकर, लालच देकर, धोखा देकर अथवा हिंसा कारित कर मानव दुर्व्यवहार जैसे संगठित अपराध को ना स्वयं करेंगे ना होने देंगे। जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करेगें। जागरुकता कार्यक्रम के बाद शिप्रा की पूजा अर्चना भी की गई।