April 23, 2024

– प्रशासन में जारी थी सहायता राहत राशि

उज्जैन। नागझिरी उद्योगपुरी पोहा फैक्ट्री में हुई आगजनी से 3 महिलाओं की मौत के बाद परिजनों ने देवास रोड पर शव रखकर चक्का जाम किया। प्रशासन ने सहायता राहत राशि के रूप में दो-दो लाख देने की बात कही है। परिजनों के साथ कांग्रेस नेता भी चक्का जाम में शामिल थे उन्होंने मृतक महिलाओं के परिजनों को 10-10 लाख रुपए देने की मांग करते हुए फैक्ट्री संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग रखी।

विदित हो कि शुक्रवार शाम बिंदल पोहा फैक्ट्री में लगी आग के बाद 3 महिला कर्मचारियों की जलने से मौत हो गई थी वही एक को झुलसी हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आज सुबह पुलिस ने तीनों मृतक महिलाओं का पोस्टमार्टम कराया और दोपहर में शव परिजनों के सुपुर्द किए। अंतिम संस्कार से पहले परिजनों ने शवों को देवास रोड पर रख चक्का जाम किया। इस दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष रवि भदोरिया और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए थे। चक्का जाम की जानकारी लगने पर एसडीएम जगदीश मेहरा, आईपीएस विनोद कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर चक्का जाम खुलवाया। एसडीएम ने शासन की ओर से मृतक महिलाओं के परिजनों को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि 10- 10 लाख रुपए दिए जाने की मांग रखी और कहा कि फैक्ट्री में आगजनी से बचाव के कोई उपकरण मौजूद नहीं थे संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए। आईपीएस मीणा ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई की बात कही।