April 19, 2024

सिकंदराबाद। तेलंगाना के सिकंदराबाद में सोमवार देर रात को एक होटल में लगी भीषण आग में 8 लोगों की जलकर मौत हो गई। वहीं 10 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सिकंदराबाद के रूबी होटल की इमारत के बेसमेंट में रूबी इलेक्ट्रिक व्हीकल के शोरूम में एक बाइक की बैटरी के फटने से आग लगी और तेजी से यह आग पूरी इमारत में फैल गई।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं डीसीपी ने आशंका जताई है कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। बताया जा रहा है कि जिस समय होटल में आग फैली, उस समय वहां करीब 23-25 पर्यटक रह रहे थे। आग और धुएं के कारण 8 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें एक महिला भी है। करीब 10 लोग घायल हो गए हैं।
होटल में लगी भीषण आग को देखकर कुछ लोगों ने खिड़की से नीचे कूदने की कोशिश भी की। इस दौरान भी कई लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हैदराबाद पुलिस कमिश्नर के पुष्टि की है कि हादसे में एक महिला समेत 8 लोगों की मौत हो गई है। कई अन्य घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।