April 26, 2024

उज्जैन। नानी के घर जाने की जिद में मासूम की जान चली गई। माता-पिता और बड़ी बहन गंभीर रुप से घायल है। शनिवार-रविवार रात 1 बजे हुई दुर्घटना के बाद परिवार में मातम छा गया था।
मक्सीरोड कंचनपुरा में रहने वाले मयूर सुनहरे के चार वर्षीय पुत्र दिव्यांश ने आधी रात को नानी के घर जाने की जिद पकड़ ली थी। मां दिव्या ने उसे समझाने की कोशिश की और सुबह चलने को कहा, लेकिन मासूम दिव्यांश नहीं माना। मयूर और दिव्या अपनी 6 वर्षीय पुत्री गुनगुन के साथ एक्टिवा पर सवार होकर दिव्यांश के साथ नीलगंगा क्षेत्र में रहने वाली उसकी नानी के यहां जाने के लिये निकले। एमपीईबी कार्यालय के सामने अचानक गलत साइड से तेज रफ्तार में आ रही कार ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। सामने खड़े दिव्यांश की मौके पर मौत हो गई। पति-पत्नी और मासूम पुत्री को गंभीर चोंट लगी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। चारों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां दिव्यांश की मौत होने पर शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया। माता-पिता और पुत्र की हालत गंभीर होने पर भर्ती किया गया। पिता मयूर का पैर फैक्चर हो चुका था। मां दिव्या और पुत्री गुनगुन को अंदरुनी चोंट होने पर बेहोश थे। परिवार जानकारी लगने पर अस्पताल पहुंच गया था।