March 28, 2024

प्रिंस चार्ल्स राजा घोषित

ब्रह्मास्त्र लंदन

क्वीन एलिजाबेथ-2 का निधन हो गया है। वह 96 साल की थीं। क्वीन कई दिनों से बीमार चल रही थीं। गुरुवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। बकिंघम पैलेस ने बयान जारी कर बताया कि क्वीन एलिजाबेथ अब इस दुनिया में नहीं रहीं। स्थानीय समयानुसार दोपहर को उनका निधन हुआ। इसके तुरंत बाद क्वीन एलिजाबेथ की मौत के बाद उनके बेटे और प्रिंस चार्ल्स को ब्रिटेन का राजा घोषित किया गया है। पूरा शाही परिवार एक साथ स्कॉटलैंड में है। 96 वर्षीय महारानी पिछले साल अक्टूबर से कई बार तबीयत खराब होने के बाद उबरी थीं। लेकिन इस कारण उनके चलने और खड़े होने में दिक्कतें आ गईं थी। बुधवार को आराम करने की सलाह के बाद महारानी अपने वरिष्ठ राजनैतिक सलाहकारों के साथ पूर्व नियोजित बैठक में शामिल नहीं हुईं। इससे पहले उन्होंने स्कॉटलैंड के पहाड़ों पर बने राजमहल बालमोराल में प्रधानमंत्री का पद छोड़ने वाले बोरिस जॉनसन से मुलाकात की थी और नई प्रधानमंत्री लिज ट्रस की नियुक्ति की थी।

4 हजार करोड़ की निजी संपत्ति की मालकिन
9 सितंबर को स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने अंतिम सांस ली। करीब 50 हजार एकड़ में फैले 1,116 करोड़ रुपए के इस भव्य किले की मालकिन क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय ही थीं। ये किला तो महज एक बानगी है। लंदन की रॉयल फैमिली और क्वीन की शाही जिंदगी में ऐसे कई महल, ताज, बग्घी, गाड़ियां थीं। क्वीन एलिजाबेथ द्वीतीय के ग्लैमरस और लग्जरी लाइफ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिस बकिंघम में वह 70 साल रही, उसमें 775 कमरे और 78 बाथरूम हैं। यही नहीं क्वीन के ताज को 2900 कीमती पत्थरों से सजाया गया था। इस ताज की कीमत करीब 4500 करोड़ रुपए है। इस ताज में भारत का कोहिनूर हीरा भी जड़ा है। फोर्ब्स की रिपोर्ट मुताबिक, रानी एलिजाबेथ 4 हजार करोड़ रुपए की निजी संपत्ति की मालकिन थीं। इनमें उनका निवेश, आर्ट, कीमती पत्थर और रियल एस्टेट शामिल हैं। सैंडरिंघम हाउस और बाल्मोरल किला भी रानी की निजी संपत्ति है।