April 23, 2024

– अस्पताल लाने पर हालत हुई सामान्य, जेल भेजने की तैयारी

उज्जैन। क्लीनिक में महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले डॉक्टर को न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से जेल वारंट बनने पर उसे पुलिसकर्मी लेकर जा रहे थे उसी दौरान न्यायालय परिसर में लगी विद्युत बीपी का तार दुष्कर्मी ने पकड़ लिया। जिला अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने मामूली करंट लगने की जानकारी देते हुए उपचार के लिए भर्ती किया जिसे कुछ देर बाद छुट्टी देने की बात कही गई है। पुलिस ने उसे जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

विदित हो कि नागझिरी क्षेत्र में रहने वाली महिला ने कुछ दिन पहले क्षेत्र के ही वेल केयर क्लीनिक के झोलाछाप डॉक्टर रिजवान अली पर बेहोश कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। झोलाछाप ने उपचार कराने आई महिला के साथ गलत हरकत करते हुए उसका वीडियो बना लिया था इसके बाद से वह पिछले 16 माह तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। 8 दिन पूर्व घर में घुसकर महिला से जबरदस्ती की थी जिसके बाद मामला नागझिरी थाने पहुंचा था और पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया था। जिसे गुरुवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया था।