April 20, 2024

 

बुरहानपुर से यात्रा का मप्र में होगा प्रवेश, नर्मदा व शिप्रा में स्नान करेंगे, इंदौर होते हुए उज्जैन जाएंगे

इंदौर/ उज्जैन। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 7 सितंबर से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हो रही है। कांग्रेस की इस यात्रा के दौरान राहुल करीब 3500 किलोमीटर की पदयात्रा कर कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएंगे। ये यात्रा मध्यप्रदेश में 24 नवंबर को बुरहानपुर जिले से प्रवेश करेगी। इस दौरान राहुल गांधी शिप्रा और नर्मदा नदी में स्नान करेंगे। साथ ही रास्ते में पड़ने वाले सभी मंदिरों के अलावा गुरुद्वारे, चर्च और मस्जिदों में भी जाकर माथा टेकेंगे। राहुल गांधी इंदौर से होते हुए उज्जैन पहुंचेंगे। वे उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने भी जाएंगे। उज्जैन में ही विशाल जनसभा भी होगी। प्रदेश कांग्रेस ने अपनी ओर से इस जनसभा के लिए तैयारी करना शुरू कर दिया है।
यह यात्रा मध्यप्रदेश में करीब 16 दिन तक रहेगी। यात्रा के पड़ाव में रोजाना शाम को सर्वधर्म प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएंगी। यात्रा में 118 यात्री पूरे साढ़े तीन हजार किलोमीटर पैदल चलेंगे। वहीं, मप्र कांग्रेस कमेटी की तरफ से करीब 100 पदयात्री साथ चलेंगे।

बुरहानपुर से प्रवेश, उज्जैन में होगी जनसभा

कन्याकुमारी से 7 सितंबर को यात्रा शुरू होकर केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र के बाद बुरहानपुर से मप्र में प्रवेश करेगी। मप्र में 16 दिनों में 382 किलोमीटर यात्रा चलेगी। बोडरली, छैगांव माखन, सनावद, बडवाह, इंदौर, उज्जैन, आगर, सुसनेर होते हुए राजस्थान की तरफ जाएगी।