March 29, 2024

महज 3 सेकेंड में टेक-आॅफ करेंगे फाइटर जेट्स

 

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली
31 जनवरी 1997 को नेवी से रिटायर हुए आईएनएस विक्रांत का आज करीब 25 साल बाद पुनर्जन्म हो गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार यानी 2 सितंबर की सुबह 10.45 बजे देश में बने इस सबसे बड़े युद्धपोत को नौसेना के हवाले कर दिया। साल 1971 की जंग में आईएनएस विक्रांत ने अपने सीहॉक लड़ाकू विमानों से बांग्लादेश के चिटगांव, कॉक्स बाजार और खुलना में दुश्मन के ठिकानों को तबाह कर दिया था। नया आईएनएस विक्रांत भारत में बना पहला एयर क्राफ्ट कैरियर है।
विशाल है, विराट है और विहंगम है आईएनएस विक्रांत: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इस दौरान देश को संबोधित करते हुए कहा कि यह समंदर की सभी चुनौतियों को भारत का जवाब है। उन्होंने कहा कि आज यहां केरल के समुद्र तट पर हर भारतवासी देश के नए सूर्योदय का साक्षी बन रहा है। आजादी के आंदोलन में हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस सक्षम भारत का सपना देखा था, उसकी एक सशक्त तस्वीर आज हम यहां देख रहा है। विक्रांत विशाल है, विराट है और विहंगम है।