April 24, 2024

उज्जैन। पारिवारिक विवाद में बीती रात हथियार चल गए। बीच-बचाव में वृद्ध की जान चली गई और परिवार के तीन से चार सदस्य गंभीर घायल हो गए। मृतक वृद्ध के भाई की बहू का परिवार आरोपी बताया गया है।
इंदौर रोड मोती नगर में रहने वाले रणछोड़ डाबी के पुत्र भरत का विवाह 4 वर्ष पूर्व खुशबू नामक युवती से हुआ था। कुछ दिनों से पति-पत्नी में विवाद चल रहे थे। रात को खुशबू ने अपने मायके से परिजनों को बुला लिया। राजू अपने 5-6 साथियों के साथ हथियार लेकर पहुंचे और रात 11 बजे रणछोड़ डाबी उसके पुत्र भरत के साथ मारपीट शुरू कर दी। समीप रहने वाले रणछोड़ के बड़े भाई करण सिंह और पुत्र अर्जुन ने विवाद होता देखा तो बीच बचाव के लिए पहुंच गए। इस दौरान खुशबू के परिजनों ने करण सिंह के साथ मारपीट कर धक्का दे दिया और अर्जुन के सिर पर हथियार से वार कर दिए। घटनाक्रम में करण सिंह की मौत हो गई अर्जुन गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसके सिर में 18 टांके लगना बताए जा रहे हैं। विवाद में मृतक के भाई रणछोड़ की पत्नी कस्तूरबा बाई और पुत्र भरत भी घायल हुआ है। इनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। मामले की जानकारी लगने पर नानाखेड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची मामले में मर्ग कायम कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है घायलों के बयान दर्ज कर हमला करने वालों की तलाश की जा रही है।