April 20, 2024
 – प्रथम सोमवार को मनमहेश रूप में नगर भ्रमण करेंगे
– दो साल बाद राजाधिराज महाकाल परंपरागत मार्ग से निकलेंगे
दैनिक अवन्तिका उज्जैन।
श्रावण मास में भगवान महाकाल की पहली सवारी सोमवार को नगर में निकलेगी। राजाधिराज महाकाल दो साल के बाद भक्तों को दर्शन देने के लिये परम्‍परागत मार्ग से निकलेंगे।
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड ने बताया भगवान महाकाल की पहली सवारी ठाठ-बाट से निकाली जायेगी। पालकी में भगवान श्री मनमहेश के स्वरूप में महाकाल भक्तों को दर्शन देने के लिये नगर भ्रमण करेंगे। दोपहर में मन्दिर के सभा मण्डप में मनमहेश का पूजन होगा। इसके बाद उन्हें चांदी की पालकी में विराजित कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। भगवान की सवारी मन्दिर से अपने निर्धारित समय शाम 4 बजे निकलेगी। मन्दिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा भगवान को सलामी गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। सवारी में सशस्त्र जवान, घुड़सवार दल, पुलिस का बैंड व पंडे-पुजारी प्रमुख रूप से शामिल होंगे।