April 20, 2024

उज्जैन। रात 9 बजे सेंटपाल स्कूल के सामने युवक को रोक लड़की ने चाकू से जानलेवा वार कर दिया। हमले के बाद लड़की अपने साथी के साथ मौके से भाग निकली। चिमनगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरु की है। ढांचा भवन में रहने वाला कनिष्क पिता श्यामसुंदर शर्मा आटो चलता है। रात को वह घर जा रहा था, उसी दौरान उसकी मंगेतर की सहेली आयुषी ने उसे बात करने के लिये रोका और अचानक चाकू निकालकर पेट में घोंप दिया। लड़की को चाकूबाजी करते देख क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर चिमनगंज थाना था, पुलिस चाकूबाजी की सूचना पर पहुंची। बताया जा रहा था कि चाकू से हमला करने वाली अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर भागी है। एसआई यादवेन्द्र परिहार ने बताया कि चाकू का गहरा घाव लगने पर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायल की आयुषी से फेसबुक पर भी दोस्ती है। मंगेतर की सहेली होने पर दोनों एक-दूसरे के परिचित है। कनिष्क ने आयुषी के बारे में उसकी मां से कुछ कह दिया था। जिसके चलते घटना हुई है। एसआई परिहार का कहना था कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते बयान दर्ज नहीं हो पाये थे।