April 26, 2024

उज्जैन। श्रावण मास से पहले श्रद्धालुओं के साथ वारदात करने वाले गिरोह ने दस्तक दे दी है। जिसमें महिलाएं भी शामिल है। सोमवार को हरसिद्धी मंदिर परिसर में 2 राजस्थानी महिलाओं को पकड़ा गया। दोनों ने महिला श्रद्धालु का पर्स चोरी कर लिया था। बताया जा रहा है कि बाहर से परिवार के साथ आई महिला श्रद्धालु हरसिद्धि मंदिर दर्शन करने पहुंची थी। परिसर में काफी भीड़ होने पर श्रद्धालु परिवार दर्शन का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान महिला का पर्स चोरी हो गया। मंदिर समिति के सदस्यों और पुजारियों को वारदात का पता चला तो कैमरों के फुटेज देखे गये। 2 राजस्थानी महिलाएं वारदात करते दिखाई दी। दोनों मंदिर के पास ही दूसरी वारदात की फिराक में घूम रही थी, उसी दौरान उन्हे पकड़ लिया गया। मंदिर परिसर में बने कक्ष में दोनों को बंद किया गया और पर्स बरामद कर महाकाल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और दोनों का हिरासत में लेकर थाने आ गई। महिलाएं राधा पति राजकुमार 30 वर्ष और रेशमा पति अजय 20 वर्ष निवासी बरीतारोड राजस्थान की रहने वाली थी। दोनों ने पूछताछ में बताया कि उनके साथ ओर भी लोग आये हुए है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेज दिया।