March 28, 2024

उज्जैन। 2 दिनों बाद एक बार फिर से गुरुवार शाम मानसून की झमाझम हो गई। दिन में तापमान 37 डिग्री का पार गया था, लेकिन शाम को शुरु हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक महसूस होने लगी थी। बारिश शुरु होने से शाम को निगम चुनाव प्रचार के लिये वार्ड में पहुंचे प्रत्याशियों का मिजाज बिगड़ गया था। 19-20 जून की रात तेज आंधी के साथ मानसून ने दस्तक दी थी और दिन में भी झमाझम का नजारा दिखाई दिया था। कुछ घंटो में ही 2 इंच से अधिक बारिश दर्ज कर ली गई थी। जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम 32 डिग्री पर आ गया। लेकिन बारिश थमने के बाद 2 दिनों से लगातार तापमान में उछाल आ रहा था। गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री के करीब पहुंच गया। गर्मी-उमस से लोग परेशान हो रहे थे, आसमान पूरी तरह से साफ दिखाई दे रहा था। अचानक शाम ढलने पहले हवा की गति में तेजी आ गई और देखते ही देखते आसमान काले बादलों से घिरा दिखाई देने लगा। शाम 7 बजे हल्की बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया और आधे घंटे बाद झमाझम शुरु हो गई। करीब 1 घंटे तक तेज रफ्तार से बारिश हुई और सड़के जलमग्न नजर आने लगी।