April 18, 2024

उज्जैन। गर्मी और उमस के बाद मानूसन ने सोमवार-मंगलवार रात झमाझम तरीके से तेज हवा के साथ दस्तक दी। मंगलवार दोपहर में भी आधे घंटे तेज बारिश हुई। जिसके बाद दिन-रात के तापमान में गिरावट आ गई। भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन उमस का माहौल बना हुआ है। मई माह के अंतिम सप्ताह में मानूसन ने केरल में दस्तक दे दी थी, जिसके बाद माना जा रहा था कि पूरे देश में मानसून जल्द सक्रिय हो जाएगा। लेकिन म.प्र. में पाकिस्तान की ओर से आ रही हवा के चलते देरी हो रही थी। सोमवार-मंगलवार रात हवा का रुख बदलते ही 1 बजे तेज हवा के साथ मानसून ने झमाझम दस्तक दे दी। करीब डेढ़ घंटे तक 20 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार के साथ बारिश होती रही। जिसके बाद रिमझिम का सिलसिला तड़के 4 बजे तक चलता रहा। सुबह जीवाजीराव वेधशाला पर 2 इंच के करीब बारिश दर्ज होना सामने आया। सुबह मौसम खुशनुमा बना हुआ था और ठंडक महसूस हो रही थी। दोपहर में सूर्यदेव बादलों से निकले और उमस महसूस की जाने लगी।