April 26, 2024

उज्जैन। प्रदेश में मानसून की दस्तक हो चुकी है शहर में भी उम्मीद जागती दिखाई दे रही है। रविवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी हुई थी। दोपहर में कुछ देर तेज बारिश हुई लेकिन माहौल उमस भरा हो गया। झमाझम के लिए कुछ दिन का इंतजार मौसम विभाग ने बताया है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने सिस्टम की वजह से मानसून पूरे देश में धीरे-धीरे सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। लेकिन मध्यप्रदेश में पाकिस्तान की ओर से आ रही हवा के चलते देरी हो रही थी। अब मानसून दूसरे रास्ते से प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। भोपाल-इंदौर और अन्य जिलों में झमाझम हो चुकी है अब उज्जैन की बारी है। रविवार को आसमान में छाए काले बादलों ने झमाझम की उम्मीद जगा दी थी दोपहर में 10 मिनट तेजी के साथ बारिश हुई लेकिन हवा की वजह से आसमान साफ होने लगा। दोपहर बाद अचानक उमस बढ़ गई और लोग पसीने से तरबतर हो गए। शाम ढलने पर एक बार फिर लगा कि बारिश आएगी लेकिन हल्की बूंदाबांदी के साथ 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने लगी और बारिश है भरे बादल आगे की ओर बढ़ गए। हवा में ठंडक होने से लोगों ने राहत महसूस की लेकिन झमाझम की उम्मीद पूरी नहीं हो पाई।